फटा हुआ था अपेंडिक्स, पेट में फैल चुका था संक्रमण, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में छह वर्षीय बच्चे का निःशुल्क सफल ऑपरेशन, चिकित्सकों ने बचाई जान…..
जमशेदपुर।
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में गंभीर हालत में पहुंचे छह वर्षीय बच्चे का चिकित्सकों ने तत्काल सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचा ली। बच्चे के पेट में अपेंडिक्स फट जाने के कारण संक्रमण फैल चुका था और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। आर्थिक परेशानी के कारण परिजन इलाज और ऑपरेशन कराने में असमर्थ थे।
ऐसे समय में अस्पताल प्रबंधन ने मानवीय पहल करते हुए बच्चे का ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क कराया।प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्य कुमार (6 वर्ष), पिता संतोष ठाकुर एवं माता किरण देवी, बागुन नगर पीओपी क्षेत्र का निवासी है। बच्चा अपने माता-पिता के साथ गंभीर हालत में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचा था।
चिकित्सकीय जांच में पता चला कि बच्चे का अपेंडिक्स फट चुका था और उसके कारण पेट के अंदर गंभीर संक्रमण फैल गया था। चिकित्सकों ने तत्काल सर्जरी को जरूरी बताया।अध्यक्ष के संज्ञान में आते ही लिया गया तत्काल निर्णयबच्चे की गंभीर स्थिति और परिवार की आर्थिक परेशानी की जानकारी अस्पताल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह को दी गई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बच्चे के ऑपरेशन का निर्देश दिया।
इसके बाद अस्पताल की पेडियाट्रिक सर्जन डॉ. सौम्या घोष ने बिना समय गंवाए बच्चे का ऑपरेशन किया।चिकित्सकीय टीम की तत्परता और कुशलता से ऑपरेशन सफल रहा तथा बच्चे की जान बचाई जा सकी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार बच्चे का इलाज और ऑपरेशन बिल्कुल निःशुल्क किया गया।परिजनों ने जताया आभारबच्चे के सफल ऑपरेशन के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
आर्थिक कठिनाई के बीच अस्पताल प्रबंधन द्वारा तत्काल मदद किए जाने और चिकित्सकों द्वारा समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए परिजनों ने अस्पताल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह एवं पूरी मेडिकल टीम के प्रति आभार जताया।गंभीर अवस्था में पहुंचे बच्चे को समय पर उपचार मिलने और सफल सर्जरी से अस्पताल की चिकित्सकीय टीम की तत्परता भी सामने आई।


