झारखंड छात्र आंदोलन को लेकर पूर्व सीएम रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेजा ईमेल, कहा : परीक्षा की सीबीआई से कराएं जांच ।
जमशेदपुर । पूर्व सीएम रघुवर दास ने छात्र आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईमेल भेजा. उन्होंने परीक्षा की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की है. श्री दास ने कहा कि रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन अब तूल पकड़ने लगा है. यह आंदोलन अब सिर्फ छात्रों तक ही सीमित नहीं रह गया है, विपक्ष भी इस आंदोलन के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है.
न पानी की व्यवस्था, न टेंट का परमिशन
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने छात्रों के आंदोलन को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित सर्किट हॉउस मे मीडिया से बातचीत के दौरान रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के छात्र आंदोलन की दुर्दशा देखकर मन व्यथित है. वहां न पानी की व्यवस्था है, न टेंट का परमिशन दिया गया है.
रघुवर दास ने कहा कि छात्र आंदोलन से उन्होंने अपनी राजनीतिक की शुरूआत की है. इसलिए वे छात्र आंदोलन के दर्द को समझते हैं. उन्होंने इसे लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ई-मेल लिखा है, जिसमें कोई राजनीतिक मंशा नहीं है. लेटर में कहा गया कि इस मामले को दलगत भावना से अलग हट कर देखें, छात्रों से सीधी बात करें और उनकी मांग के अनुरूप मामले की सीबीआई से जांच कराएं, क्योंकि जिस तरह से छात्र आंदोलन को जन समर्थन मिल रहा है, कहीं ऐसा न हो कि यह जनआंदोलन बन जाए और सरकार को नुकसान हो.
रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस, सपा, आरजेडी, आप, जेएमएम और वाम दल ने जंतर-मंतर में छात्र आंदोलन को समर्थन दिया था. लेकिन इसमें से किसी ने भी झारखंड के छात्रों का समर्थन नहीं दिया है. विपक्ष ने NEET परीक्षा को लेकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के लिए एक करोड़ मुआवजे की मांग की थी . लेकिन हेमंत सरकार के कार्यकाल में उत्पाद सिपाही बहाली के दौरान 19 अभ्यार्थी की मौत पर चुप हैं. रघुवर दास ने प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी से अपील की है कि वे बिरसा मुंडा की धरती पर आएं और उत्पाद सिपाही बहाली में हुई मौत के लिए भी एक करोड़ दिलाने का काम करें. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि JSCC, CGL में बड़ा घोटाला हुआ है. उनके कार्यकाल में 1,33,000 बहाली हुई, जिसमें कोई गड़बड़ी नहीं हुई. लेकिन पिछले 5-6 वर्षों से पेपर लीक और अनियमितता हो रही है. अब सरकार को सचेत हो जाना चाहिए. बिहार, मध्यप्रदेश और गुजरात में हुए उपचुनाव परिणाम पर रघुवर दास ने कहा कि बिहार और मध्यप्रदेश में असफलता मिली है. पार्टी इस पर गहन मंथन कर रही है कि आखिर कहां चूक हुई है. वहीं, जमशेदपुर में टाटा स्टील द्वारा संचालित JFC बंद करने के मामले में रघुवर दास ने कहा कि सिर्फ स्टील उत्पादन ही नहीं हर क्षेत्र में टाटा की अलग पहचान है. जेएन टाटा के सपनों के शहर से खेल जगत में कई खिलाडियों को पहचान मिली है. उन्होंने कहा कि JFC बंद करने के मामले में टाटा प्रबंधन से बात की जाएगी.

