जुगसलाई में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया लाभ…..

1 min read

जुगसलाई में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया लाभ

मुफ्त चिकित्सा सेवा समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण सेवा : हिदायतुल्लाह खान

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना समय की जरूरत : नौशीन खान

जमशेदपुर। जुगसलाई के गौरी शंकर रोड स्थित एच के टावर में रविवार को निःशुल्क मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन WAIA कोलकाता, मानवता कल्याण संघ और एचके वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में 1000 से अधिक लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में लोगों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई।

आधुनिक मशीनों और उपकरणों की मदद से विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें जरूरी चिकित्सकीय सलाह दी। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान और जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान मौजूद रहीं। दोनों ने शिविर का निरीक्षण किया और आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की।

शिविर के आयोजन की जिम्मेदारी डॉ. मोहम्मद वसीम और गुलाम रसूल खान ने संभाली। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
शिविर को सफल बनाने में मानवता कल्याण संघ के डॉ. संजय गिरी (सीनियर रेडियोलॉजिस्ट) और एचके वेलफेयर सोसाइटी के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अलावा डॉ. मोहम्मद शमीम (जनरल फिजिशियन), डॉ. संजय, डॉ. रेनू शर्मा (गायनेकोलॉजिस्ट), डॉ. प्रकाश (त्वचा/ईएनटी), डॉ. विकास साहू (फिजिशियन/ऑर्थो), डॉ. विकास केडिया (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. एनआर सिंह (जनरल फिजिशियन) सहित त्रिनेत्रम नेत्रालय और केयर एंड क्योर की टीम ने भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि मुफ्त चिकित्सा सेवा समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर स्वास्थ्य जांच और इलाज से कई बीमारियों को गंभीर होने से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत है और गरीब व जरूरतमंद लोगों तक मुफ्त चिकित्सा सुविधा पहुंचाना एक सराहनीय मानव सेवा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ कई बीमारियों की समय पर पहचान भी हो सकती है। मानव सेवा की भावना को समाज में और मजबूत करने की जरूरत है और भविष्य में भी इस तरह के चिकित्सा शिविर आयोजित होते रहने चाहिए।

वहीं जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर काफी उपयोगी साबित होते हैं। आर्थिक परेशानी के कारण कई लोग समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। ऐसे में मुफ्त जांच और डॉक्टरों की सलाह उनके लिए काफी मददगार होती है।

उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच और सही चिकित्सकीय सलाह से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। नौशीन खान ने शिविर के आयोजकों और पूरी मेडिकल टीम की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों को लगातार बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

SPY POST https://spypost.in/

राजनीति और सामाज के अंदर तक घुसपैठ कर चुके विषैले विषाणुओं को मारने वाला किटाणुनाशक....
एडवेंचर पत्रकारिता से प्यार और किसी भी कीमत पर सच सामने लाने की जिद.....
"जो नहीं हो सकता वहीं तो करना है".....

You May Also Like

More From Author