साकची पुलिस अस्पताल का एसएसपी ने किया निरीक्षण, मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर दिया जोर
जीवनरक्षक दवाओं और एंटीवेनम की उपलब्धता की ली जानकारी, साफ-सफाई एवं चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
जमशेदपुर, 9 नवंबर।
पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को साकची स्थित पुलिस अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) श्री नीरज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा चिकित्सा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। गौरतलब है कि इस अस्पताल में पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के अलावा आसपास के सब्जी विक्रेता, ठेला संचालक तथा गरीब और जरूरतमंद मजदूर भी उपचार के लिए पहुंचते हैं।
ऐसे में अस्पताल की व्यवस्था आम लोगों के स्वास्थ्य से भी सीधे जुड़ी हुई है।एसएसपी ने निरीक्षण के क्रम में अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक की समीक्षा की। विशेष रूप से आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ एंटीवेनम जैसी महत्वपूर्ण दवाओं के भंडारण और रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित रखी जाए, ताकि किसी भी मरीज को उपचार के दौरान दवाओं की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मरीजों को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।एसएसपी के इस निरीक्षण को पुलिस अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ-साथ आसपास के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

