इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट द्वारा जिला चेयरमैन प्रियका कुमार के आधिकारिक क्लब दौरे के अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्य किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत टिनप्लेट काली मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुर्सियां लगाई गईं तथा जरूरतमंद विक्रेताओं को उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। नशा मुक्ति एवं ड्रग्स जागरूकता के लिए वॉल पेंटिंग का भी उद्घाटन किया गया।
हैप्पी स्कूल प्रोजेक्ट के तहत विद्यालय की दीवारों एवं प्रवेश द्वार का रंग-रोगन, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ संदेश तथा एक कक्षा को हैप्पी रूम में परिवर्तित किया गया। बच्चों को कपड़े, जूते-मोजे, फर्नीचर, खिलौने एवं खेल सामग्री दी गई। विद्यालय में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, पैड बैंक, पुस्तकालय एवं इमरजेंसी मेडिकल रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शौचालय एवं पेयजल केंद्र को भी व्यवस्थित किया गया तथा इनर व्हील गार्डन विकसित किया गया।छात्राओं ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तहत शानदार कराटे प्रदर्शन किया। प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।गोलमुरी क्लब में जरूरतमंद एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग, दृष्टिबाधित छात्रा को चिकित्सा सहायता, व्हीलचेयर, मातृत्व किट एवं कपड़े के थैले सहित कई सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।
एक जरूरतमंद युवती को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन भी प्रदान की गई।क्लब की इन पहल के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जरूरतमंदों की सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।


