उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनी नागरिकों की समस्याएं, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारी को किया गया निर्देशित…..
समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामाजिक एनं जनहित की समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
जन शिकायत निवारण दिवस में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में पुनः नियुक्ति, खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलने, रोजगार, आवास, कन्यादान योजना का लाभ, आगजनी से प्रभावित परिवार को सहायता, दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, मानसिक प्रताड़ना, जमीन अतिक्रमण एवं जमीन विवाद, चिकित्सीय सहायता तथा सरकारी राशि के गबन के आरोप से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदकों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदन के नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा पात्र लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।
भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों में संबंधित अंचल अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने, जबकि विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्थल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की दिशा में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारी गंभीरता से कार्रवाई करते हुए शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया को प्राथमिकता दें।

