डिमना वृद्धाश्रम में स्वतंत्रता दिवस के साथ मनाया गया सावन मिलन उत्सव, बुजुर्ग माताओं के चेहरे पर बिखरी मुस्कान
जमशेदपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सत्यम संजीवन ट्रस्ट के बैनर तले डिमना स्थित वृद्धाश्रम में वृद्ध माताओं के साथ हर्षोल्लास से स्वतंत्रता दिवस एवं सावन मिलन उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में बुजुर्ग माताओं के साथ समय बिताकर उन्हें खुशियां देने और उनका आशीर्वाद लेने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर चर्चा की गई। इसके बाद सावन मिलन उत्सव के तहत गीत-संगीत और मनोरंजन का आयोजन हुआ। वृद्धाश्रम में मौजूद माताओं ने उत्साह के साथ पुराने गीत गाए और कुछ माताओं ने भगवान भोलेनाथ के भजन प्रस्तुत किए। गीत-संगीत के बीच कई माताएं खुशी से झूम उठीं और पूरे माहौल में उत्सव का रंग दिखाई दिया।
ट्रस्ट की ओर से वृद्ध माताओं को खाने-पीने की सामग्री के साथ कपड़े भी प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य वृद्ध माताओं के साथ खुशियां साझा करना और उन्हें यह एहसास कराना है कि समाज उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम के दौरान माताओं ने सभी उपस्थित लोगों को भरपूर आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सत्यम संजीवन ट्रस्ट की अध्यक्ष कंचन सिंह के साथ शंभू जी, अंजू देवी, शकुंतला देवी, अमित कुमार सिंह, बेबी शर्मा, ओम प्रकाश अग्रवाल, अमरजीत शेरगिल पांडे, आशा सिंह, सुमित शर्मा, अनु, आकाश डे, पिंकी प्रसाद, संगीता श्रीवास्तव, सरोज सिंह, स्मिता जी सहित कई लोगों की सक्रिय सहभागिता रही।
आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और सावन मिलन उत्सव को वृद्ध माताओं के साथ मनाना उनके लिए भावनात्मक और यादगार अनुभव रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के जीवन में सम्मान, अपनापन और खुशी के कुछ पल जोड़ना भी था।

