टाटा मोटर्स कर्मचारी सुबोध पात्रो के परिवार को मिला न्याय, बेटे को नौकरी और 77 लाख मुआवजे पर बनी सहमति….पांच दिनों तक मृतक का शव शीतगृह में रखकर चला आंदोलन, बंटी सिंह के संघर्ष के बाद प्रबंधन झुका; अंतिम दौर में विधायक मंगल कालिंदी और झामुमो की हुई एंट्री……
जमशेदपुर।
टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद उनके परिवार को मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से जारी आंदोलन का बुधवार को सुखद पटाक्षेप हुआ।
हालांकि, आंदोलन के चौथे दिन जिस तरह घटनाक्रम ने नाटकीय मोड़ लिया, उसने शहर के औद्योगिक और राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।इस पूरे आंदोलन में समाजसेवी एवं टाटा मोटर्स से निलंबित कर्मचारी बंटी सिंह की भूमिका बेहद अहम रही। पिछले चार दिनों से उन्होंने आंदोलन की कमान संभाल रखी थी।
बताया जाता है कि बुधवार से पहले मंगलवार की रात तक भी बंटी सिंह की कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत जारी थी। सूत्रों के अनुसार, मुआवजे की राशि और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के मुद्दे पर सहमति बनने की स्थिति लगभग तैयार हो चुकी थी।लेकिन बुधवार को अचानक इस मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा की टीम की एंट्री हुई।
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के नेतृत्व में झामुमो की टीम आंदोलन स्थल पर पहुंची। इस दौरान जमशेदपुर जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन भी मौजूद रहे। इसके बाद टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह ने विधायक मंगल कालिंदी के साथ संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रबंधन के साथ वार्ता को सफल बताया।वार्ता के बाद जो सहमति सामने आई, उसके मुताबिक मृतक सुबोध पात्रो के बेटे को कंपनी में स्थाई नौकरी दी जाएगी।
इसके अलावा परिवार को 77 लाख रुपये मुआवजा देने तथा मृतक की शेष सेवा अवधि के दौरान उनकी आधी सैलरी पत्नी को दिए जाने पर सहमति बनी।
बंटी सिंह के आंदोलन ने बनाया दबाव
इस पूरे घटनाक्रम को देखें तो आंदोलन की शुरुआत से लेकर प्रबंधन पर दबाव बनाने तक बंटी सिंह की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सात गेटों पर तालाबंदी, कर्मचारियों की आवाजाही रोकने और प्लांट में कामकाज प्रभावित करने जैसे कदमों से आंदोलन ने व्यापक रूप ले लिया था। बताया जाता है कि आंदोलन के कारण प्लांट के भीतर कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई गेटों पर कामकाज ठप जैसी स्थिति बन गई।
आंदोलनकारियों का दावा है कि स्थायी कर्मचारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पांच दिनों तक शव को शीतगृह में रखना पड़ा। यह स्थिति टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कार्यशैली और कर्मचारियों के हितों की पैरवी को लेकर भी सवाल खड़े करती है।
क्रेडिट की राजनीति पर उठे सवालबुधवार को अंतिम दौर की वार्ता में झामुमो विधायक की मौजूदगी और यूनियन के महामंत्री के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद इस पूरे मामले का श्रेय किसे मिलना चाहिए, इस पर भी चर्चा शुरू हो गई है। आंदोलन से जुड़े लोगों का मानना है कि अंतिम समय में राजनीतिक हस्तक्षेप के बावजूद प्रबंधन को बातचीत की मेज तक लाने और मांगों पर दबाव बनाने का श्रेय बंटी सिंह के संघर्ष को जाता है।
यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या अंतिम समय में राजनीतिक नेतृत्व की एंट्री के जरिए आंदोलन की अगुवाई करने वाले बंटी सिंह की भूमिका को पीछे करने की कोशिश हुई?
हालांकि, प्रबंधन या झामुमो की ओर से ऐसी किसी मंशा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि लंबे संघर्ष के बाद मृतक सुबोध पात्रो के परिवार को नौकरी और मुआवजे के रूप में आर्थिक सुरक्षा देने पर सहमति बनी है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित किया है कि जब किसी कर्मचारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद की जाती है, तो संगठित आंदोलन प्रबंधन को निर्णय लेने के लिए मजबूर कर सकता है।


