गयाजी से छात्र का अपहरण कर लाया धनबाद, चाय-नाश्ता के लिए रुकने पर स्कॉर्पियो से भागकर पहुंचा थाने…..
धनबाद बिहार के गयाजी से एक छात्र का अपहरण कर उसे स्कॉर्पियो से धनबाद लाया गया। धनबाद में चाय-नाश्ता के लिए अपहरणकर्ता कुछ देर के लिए रुके, तभी मौका पाकर अपहृत छात्र भाग निकला और धनबाद रेल थाने पहुंच कर मामले की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि गयाजी जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र को सोमवार को चार युवकों ने जबरन स्कार्पियो में बैठा लिया। उसे लेकर गयाजी से धनबाद पहुंच गए।
इस दौरान उन्होंने छात्र का मोबाइल फोन तोड़ दिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।रास्ते में चाय-नाश्ते के लिए रुके, तभी छात्र मौका देखकर वहां से चुपके से भाग निकला। उसे भागता देख अपराधियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह धनबाद रेलवे स्टेशन के अंदर रेल थाने में घुस गया। उसे रेल थाने में जाता देख अपहरणकर्ता स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए।
पीड़ित छात्र ने बताया कि वह बिहार के वजीरगंज का रहने वाला है और हाल में उसने बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा पास की है। जल्द ही उसका शारीरिक परीक्षण होने वाला है।
फाड़ दिया एडमिट कार्ड…..
उसने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उसके एडमिट कार्ड व अन्य सभी जरूरी दस्तावेज फाड़ दिए। उसके साथ मारपीट भी की। अपहरण के दौरान अपराधियों ने उसे नशीली दवा भी खिला दी थी, जिससे वह कुछ समय के लिए अचेत हो गया था।
रेल पुलिस ने उसके स्वजनों को सूचना दी। देर शाम उसके स्वजन गयाजी से धनबाद पहुंच गये। छात्र व उसके स्वजन का कहना था कि गयाजी पहुंचने के बाद वह पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे ताकि अपहरण में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
रेल पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर उसे स्वजन के हवाले कर दिया। उसके अपहरण के पीछे अपराधियों की मंशा क्या थी, इसका खुलासा नहीं हो सका है। आशंका है कि पड़ोसी या किसी जान पहचान वाले ने बिहार पुलिस की परीक्षा से उसे रोकने के लिए घटना को अंजाम दिया है।

