पटमदा में युवक की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, पत्थर से वार कर की गई थी मनोहर मांझी की हत्या…..
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर किया बरामद
पटमदा।
पटमदा थाना क्षेत्र के सारी गांव में 13 सितंबर की रात करीब 38 वर्षीय मनोहर मांझी, पिता लम्बोदर मांझी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मनोहर मांझी की हत्या अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर से वार कर की थी।घटना के संबंध में मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर पटमदा थाना में कांड संख्या 20/26, दिनांक 13 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए शंभु सिंह (करीब 30 वर्ष), पिता बिस्मर सिंह, निवासी सारी टोला, बूढ़ीगोड़ा, थाना पटमदा, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद किया है।
पुलिस टीम में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार, थाना प्रभारी पु०अ०नि० विष्णु चरण भोगता, पु०अ०नि० गन्दूर उरांव, स०अ०नि० विजय कुमार तथा स०अ०नि० प्रशान्त कुमार शामिल थे।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इस कांड के अलावा कोई अन्य आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

