अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर डालसा द्वारा मानगो चौक में जागरूकता अभियान चलाया गया…..
जमशेदपुर
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के निर्देशानुसार और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में मानगो चौक पर युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
इस दौरान डालसा पीएलवी नागेन्द्र कुमार,दिलीप जायशवाल ,मनोज महतो एवं जोबा रानी बास्के ने युवाओं को उनके अधिकार व युवा विकास से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दिया ।
जागरूकता अभियान में बताया गया कि
युवा केवल उम्र की एक अवस्था नहीं, बल्कि ऊर्जा, साहस, कल्पना, परिवर्तन और नवसृजन की चेतना का नाम है। जिस समाज की युवा शक्ति जाग्रत, संवेदनशील और रचनात्मक होती है, वह समाज परिवर्तन की नई इबारत लिखता है।
इसके विपरीत जब युवा दिशाहीन हो जाती है तो वही शक्ति हिंसा, नशे, उग्रवाद, अपराध, निराशा और विध्वंस का कारण बन सकती है। इसलिए आज दुनिया के सामने सबसे बड़ा प्रश्न यह नहीं है कि युवा क्या कर रहे हैं, बल्कि यह है कि उनकी विराट ऊर्जा को किस दिशा में लगाया जा रहा है।
इसी चिंतन को वैश्विक स्तर पर महत्व देने के लिए हर वर्ष 12 अगस्त को अंतराष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। इस दिन दुनिया के अलग-अलग देशों में युवा केंद्रित कार्यक्रम, चर्चाएं, जागरूकता अभियान, शैक्षणिक एक्टिविटीज, युवा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इनका उद्देश्य युवाओं की आवाज को सामने लाना और उनके सामने मौजूद अवसरों व चुनौतियों पर चर्चा करना है। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस का इतिहास पर प्रकाश डाला जाय तो संयुक्त राष्ट्र के अनुसार पहला अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 12 अगस्त 2000 को मनाया गया ।
इस दिवस का उद्देश्य वर्ल्ड प्रोग्राम आफ एक्शन फाॅर यूथ के बारे में जागरूकता बढ़ाना और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक चर्चा को प्रोत्साहित करना है। युवा दिवस 2026 की थीम है : अलग परिस्थितियां, समान आकांक्षाएं

इस थीम का संदेश है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले युवाओं की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक परिस्थितियां भले ही अलग हों, लेकिन उनके कई सपने और जरूरतें समान हैं, जैसे अच्छी शिक्षा, बेहतर रोजगार, स्वास्थ्य, सम्मान, निर्णय लेने में भागीदारी और सुरक्षित एवं टिकाऊ भविष्य।
युवा दिवस युवाओं की उपलब्धियों को पहचानने के साथ-साथ उन चुनौतियों पर भी चर्चा करने का अवसर देता है जिनका सामना वे करते हैं। यह दिन समाज को याद दिलाता है कि युवा केवल जनसंख्या का एक वर्ग नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव की महत्वपूर्ण शक्ति भी है ।
इस दिन पूरे विश्व में युवा दिवस मनाया जा रहा है । डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि आज के दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डीएलएसए के निर्देश पर पीएलवी के माध्यम से युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया ।
