हर हर महादेव सेवा संघ की 26वीं भजन संध्या के लिए प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को निमंत्रण
संघ प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त, वरीय आरक्षी अधीक्षक सहित अन्य वरीय अधिकारियों से की मुलाकात
जमशेदपुर : हर हर महादेव सेवा संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने संघ द्वारा सावन की अंतिम सोमवारी, 24 अगस्त को परंपरागत रूप से आयोजित होने वाली 26वीं भजन संध्या के लिए आज शहर के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें सादर आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त श्री राजीव रंजन, वरीय आरक्षी अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, एसडीओ धालभूम श्री ए.के. मिश्रा, आरक्षी अधीक्षक नगर श्री ललित मीणा एवं आरक्षी अधीक्षक ग्रामीण से मुलाकात कर भजन संध्या में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करने का आग्रह किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पदाधिकारियों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए आग्रह किया कि 24 अगस्त को सावन की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली इस भजन संध्या में शहरवासियों की बड़ी संख्या में सहभागिता को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हर हर महादेव सेवा संघ द्वारा पिछले 26 वर्षों से सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर भजन संध्या का आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं विश्व कल्याण की भावना के साथ किया जाता रहा है। इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस वर्ष की 26वीं भजन संध्या में प्रख्यात भजन गायक श्री मनोज तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर इस संगीतमय संध्या को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह है।
प्रतिनिधिमंडल ने सभी पदाधिकारियों से कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान कर आयोजन की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया।
हर हर महादेव सेवा संघ की ओर से शहरवासियों से भी इस पावन अवसर पर सपरिवार भजन संध्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल
प्रतिनिधिमंडल में संस्था के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले, संरक्षक राकेश्वर पांडेय, संरक्षक बृजभूषण सिंह, अध्यक्ष सुखविंदर सिंह निक्कू, पूर्व अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह जोगी, पूर्व अध्यक्ष राजू मारवाह, वरिष्ठ पत्रकार जय प्रकाश राय, महेंद्र सिंह, नींदी सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, पशुपतिनाथ पांडे, अखिलेश पांडेय, बिपिन शुक्ला, जुगून पांडेय, गोपी कुमार, संदीप सिंह, चुन्नू वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

