राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट, जिला 325 द्वारा दिव्यांग मार्ग दर्शन के सहयोग से टिनप्लेट स्टेडियम में मेगा पैरा खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में जमशेदपुर के छह विशेष विद्यालयों के लगभग 95 विशेष बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मस्तिष्क पक्षाघात, बौद्धिक दिव्यांगता एवं दृष्टिबाधिता से प्रभावित बच्चों ने 17 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया।विजेताओं को पदक एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को सहभागिता उपहार प्रदान किए गए।
बच्चों के बीच बिस्किट, फलों के पेय, केक एवं चिप्स भी वितरित किए गए।कार्यक्रम का समन्वय क्लब की अध्यक्ष संचिता डे ने किया। पुरस्कार, उपहार एवं जलपान पूर्व अध्यक्ष रमा खन्ना, पूर्व अध्यक्ष विनिता झा एवं क्लब संपादक रश्मि नारायण के सहयोग से उपलब्ध कराए गए।यह लगातार चौथा वर्ष है जब इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट ने इस आयोजन में सहयोग कर विशेष बच्चों में आत्मविश्वास, समान अवसर एवं खेल भावना को बढ़ावा दिया।
इस अवसर पर दिव्यांग मार्ग दर्शन के अध्यक्ष श्री धीरज कुमार, सचिव श्री राजकुमार एवं अध्यक्षता समिति के श्री जे. बेहेरा तथा सभी मार्गदर्शकों एवं शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष संचिता डे, आई एस ओ विनिता एवं पूर्व अध्यक्ष रमा खन्ना सहित क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।


