मानगो नगर निगम वार्ड-12 से रूबी सरकार ने दाखिल किया नामांकन, महिलाओं और युवाओं की मजबूत भागीदारी
जमशेदपुर।
मानगो नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या-12 से वार्ड पार्षद पद के लिए रूबी सरकार ने सोमवार को निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय संस्कारों और परंपराओं का पालन करते हुए नामांकन से पूर्व अपने घर एवं समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया।
नामांकन के दौरान रूबी सरकार के साथ समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली। यह भागीदारी न सिर्फ उनकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है, बल्कि वार्ड संख्या-12 में बदलाव और विकास की मजबूत इच्छा को भी प्रतिबिंबित करती है।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में रूबी सरकार ने कहा कि “मानगो के वार्ड संख्या-12 का समग्र विकास और सुशासन मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं इस चुनाव में एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वार्ड के संकल्प के साथ उतरी हूं।”
उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में वार्ड के कई इलाकों में नदी का पानी घरों में प्रवेश कर जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वे सरकार के माध्यम से बांध निर्माण की दिशा में पहल करेंगी।
इसके साथ ही उन्होंने मानगो क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने, जलजमाव की समस्या, ट्रैफिक व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल बताया।
रूबी सरकार ने कहा, “मैं जनता की सेवा केवल एक प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि उनके परिवार के सदस्य के रूप में करना चाहती हूं। बड़ों का आशीर्वाद और युवाओं का जोश ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”
संस्कार और परंपरा का निर्वहन करते हुए उन्होंने नामांकन से पूर्व घर के बुजुर्गों का चरण स्पर्श कर विजय का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रूबी सरकार के नामांकन के साथ ही मानगो वार्ड संख्या-12 में वार्ड पार्षद पद की चुनावी लड़ाई अब और भी दिलचस्प हो गई है। शिक्षित, सुलझी हुई और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी छवि के कारण मध्यम वर्ग और प्रबुद्ध समाज में उनकी चर्चा तेजी से बढ़ रही है।

