एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल से चोरी हुआ लैपटॉप बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर
एमजीएम थाना पुलिस ने बॉयज हॉस्टल के कमरे से लैपटॉप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप उसके घर की अलमारी से बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सर्वेश मीणा, वर्तमान पता एमजीएम थाना स्थित बॉयज हॉस्टल, कमरा नंबर 403, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ने अज्ञात अपराधी के खिलाफ लैपटॉप चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में एमजीएम थाना कांड संख्या 48/2026, दिनांक 7 अप्रैल 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास ने छापामारी दल का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार जांच और छापेमारी की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इसके बाद पुलिस ने पवन कुमार (लगभग 30 वर्ष), पिता कमलाकांत मिश्रा, निवासी गुरुद्वारा रोड, शिव मंदिर के पास, मानगो थाना क्षेत्र, जमशेदपुर को 11 अगस्त 2026 को उसके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के घर की अलमारी से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप भी बरामद किया गया।
डिलीवरी के दौरान की थी लैपटॉप चोरी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। 28 मार्च 2026 की रात वह सामान की डिलीवरी करने एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल गया था।
ऑर्डर डिलीवर करने के बाद वापस लौटते समय उसने एक कमरे का दरवाजा खुला देखा। कमरे में नीचे एक लैपटॉप रखा हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मौका पाकर लैपटॉप उठाया और अपने बैग में रख लिया। इसके बाद वह अपने घर चला गया और चोरी किए गए लैपटॉप को घर की अलमारी में छिपाकर रख दिया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस मामले के उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार तथा एमजीएम थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस की कार्रवाई के बाद चोरी गए लैपटॉप की बरामदगी हो गई है और मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


