बदले की भावना में युवक पर जानलेवा हमला, बर्मामाइंस पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती के पास 29 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे राजा मजूमदार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राजा पर चाकू और ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।घटना के संबंध में बर्मामाइंस थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई थी।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मामले के प्राथमिकी अभियुक्त वीरेंद्र सिंह उर्फ बाबू तथा लखिन्द्र पात्रो उर्फ रितिक को गिरफ्तार किया।पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि पूर्व दुश्मनी को लेकर बदले की भावना से राजा मजूमदार पर हमला किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और एक आरोपी के खून लगे फिंगरप्रिंट वाले फुलपैंट को जब्त किया है।पुलिस की कार्रवाई में बर्मामाइंस थाना प्रभारी सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच आगे बढ़ रही है।


