निखार सबलोक मर्डर केस: पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान अशोक सिंह राघव को हुई खून की उल्टियां,TMH में भर्ती…..

चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच शनिवार को मामले के मुख्य संदेही माने जा रहे सोनारी निवासी अशोक सिंह राघव की पुलिस हिरासत में अचानक तबीयत बिगड़ गई। पूछताछ के दौरान उसे खून की उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार, अशोक सिंह राघव से पिछले चार दिनों से चांडिल थाने में लगातार पूछताछ की जा रही थी।
शनिवार सुबह भी पूछताछ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं। स्थिति गंभीर होते देख पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया।
इसके बाद पुलिस टीम उसे TMH लेकर पहुंची, जहां उसे क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
हालांकि, पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान संदेही की तबीयत बिगड़ने की घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, लेकिन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
अशोक सिंह की तबीयत बिगड़ने के कारणों का भी अभी खुलासा नहीं हुआ है।अब सभी की नजर डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि संदेही की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी और निखार सबलोक हत्याकांड की जांच आगे किस दिशा में बढ़ती है।
